उत्तरकाशी। जिले के धराली गांव में बादल फटने से भारी तबाही मच गई है। यहां दर्जनों घर बह गए। स्थानीय प्रशासन रेस्क्यू के लिए रवाना हो गया है। यह घटना बड़कोट के पास की है। बादल फटने से पहाड़ी मलबा गांव में घुस गया। स्थानीय विधायक ने सूचना दी है। हादसे में 12 लोगों के मलबे में दबने की सूचना है। वहीं 60 लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। केंद्रीय मंत्री शाह ने जताया दुख धराली गांव में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई। अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। गृह मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एन.डी.आर.एफ एवं अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। युद्ध स्तर पर राहत कार्य जारी उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर सीएम धामी ने कहा कि बादल फटने की सूचना आई है और बहुत तेज गति से मलबा आया है पानी के साथ। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द राहत और बचाव का कार्य किया जाए। हमारी सेना के लोग जिसमें NDRF, SDRF और आपदा प्रबंधन विभाग कोशिश कर रहा है। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सभी को बचाया जाए। सभी के सकुशल होने की प्रार्थना सीएम धामी ने आगे कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए SDRF, NDRF, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं। इस सम्बन्ध में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हूँ और स्थिति की गहन निगरानी की जा रही है। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ। NDRF और सेना की टीमें मौके पर पहुंची वहीं SDRF पुलिस महानिरीक्षक अर्जुन मोहन जोशी ने कहा कि हमारी जो सबसे नजदीकी SDRF टीम थी, वह मौके पर पहुंच चुकी है। समन्वयात्मक तरीके से रेस्क्यू कार्य किया जा रहा है। आस-पास की NDRF और सेना की टीमें भी मौके पर पहुंच रही हैं। SDRF हेडक्वाटर्स से बचाव उपकरणों को भी रवाना किया जा रहा है। ऐसी एजेंसियां जो रेस्क्यू में मदद कर सकती हैं, उनसे संपर्क किया जा रहा है। सभी टीमें मौके पर पहुंच रही हैं और समन्वयात्मक तरीके से रेस्क्यू कार्य किया जा रहा बता दें कि बादल फटने के बाद एक नाला उफान पर आ गया और उसका पानी तेज़ी से पहाड़ी से नीचे की ओर बहने लगा। धराली मार्केट में भारी तबाही हुई है, दुकानों और घरों को नुकसान पहुंचा है। कई लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। खीर गंगा नदी में आई बाढ़ ने दुकानों, वाहनों और स्थानीय ढांचे को बहा दिया। वीडियो में देखा गया कि पानी का बहाव इतना तेज था कि बड़े-बड़े पत्थर और मलबा बाजार क्षेत्र में घुस आया। कई घरों की छतें ढह गईं और लोग सदमे में हैं। शेयर करें :- Click to share on Facebook (Opens in new window) Facebook Click to share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Click to share on X (Opens in new window) X Click to share on Telegram (Opens in new window) Telegram Post navigation Uttarakhand News- उत्तराखंड में जमकर बरसेंगे बादल: कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम…. Uttarakhand News: मुख्यमंत्री धामी से विधायक आशा नौटियाल के नेतृत्व में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करने वाले नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों ने की भेंट…