ऋषिकेश. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारम्भ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा पर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया. मुख्यमंत्री धामी ने देश भर से आए श्रद्धालुओं का उत्तराखण्ड में स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा-आस्था, साधना और आत्मा को जोड़ने का मार्ग है. यह यात्रा हर कठिनाई को पार करने की शक्ति देती है. उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि यात्रा सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य हो. चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करती है. मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से यात्रा हर साल नया कीर्तिमान रच रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए दृढ़ संकल्पित है. वे स्वयं लगातार यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं. सरकार का लक्ष्य, हर श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और दिव्य अनुभव प्रदान कराना है. हर श्रद्धालु देवभूमि में बिताए गए पलों की स्वर्णिम स्मृतियां अपने साथ लेकर जाएंगे. मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों एवं यात्रा मार्ग में विशेष स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के कण-कण में भगवान का वास है. इस पवित्रता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ धाम का लक्ष्य निर्धारित किया है. सरकार द्वारा यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है. उन्होंने कहा कि जैसे हम अपने घर के मंदिर को साफ और पवित्र रखते हैं, वैसे ही देवभूमि को भी स्वच्छ और पवित्र बनाए रखना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यात्रा को और अधिक सुगम बनाने के लिए कई ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं. हाल ही में 12 हजार करोड़ की लागत से बने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण हुआ है, जिससे यात्रा सुगम और तेज हो गई है. केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य गतिमान हैं. गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंट साहिब में भी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑल वेदर रोड परियोजना के अंतर्गत यात्रा मार्गों को सुगम बनाया गया है. प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गौरीकुंड से केदारनाथ धाम और गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक के लिए रोपवे परियोजनाओं का कार्य भी आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा लाखों लोगों की आजीविका का आधार है. इसलिए यात्रा के दौरान स्थानीय उत्पादों, रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने यात्रियों से अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का भी आह्वान किया. कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि केदारनाथ में मेडिकल अस्पताल तैयार हो गया है. बदरीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा. कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि इस वर्ष यात्रा मार्ग में सिंगल लेन सड़कों, लैंडस्लाइड जोन जैसे स्थानों पर शटल सर्विस की शुरुआत की गई है. इसके साथ मूवेबल शटल सर्विस के लिए हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध करवाया जाएगा. विभिन्न स्थानों पर एल.ई.डी लगाकर लोगों को जानकारियां दी जाएंगी. शेयर करें :- Click to share on Facebook (Opens in new window) Facebook Click to share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Click to share on X (Opens in new window) X Click to share on Telegram (Opens in new window) Telegram Post navigation Uttarakhand News: उत्तराखंड का डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन: AI और साइबर सुरक्षा पर फोकस, देहरादून मीट में CERT का शुभारंभ….. सीएम धामी हुए नाराज: अफसरों ने जबरन बंद कीं 22 हजार शिकायतें, आंकड़ा देख हुए गुस्सा; अफसरों को दी ये चेतावनी