बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशीआईपीएल-2026 में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. हर मैच में कोई पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हैं और नया कीर्तिमान रचते हैं. बुधवार को भी सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने मात्र 29 गेंदों पर 97 रन ठोक दिए. इस दौरान 12 गगनचुंबी छक्के भी जड़े. दुनियाभर के क्रिकेटर उनकी तारीफ कर रहे हैं. उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम का भविष्य बताया जा रहा है और टीम इंडिया में सेलेक्शन की मांग हो रही है.
यूएई के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले शोएब खान ने भी उनकी दिल खोलकर तारीफ की है. उन्होंने उसे अमेजिंग टैलेंट बताते हुए कहा कि सिर्फ बिहार क्रिकेट के लिए ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम के लिए भी गर्व की बात है. शोएब ने वैभव को मौका देने और तराशने के लिए टीम इंडिया के साथ-साथ राजस्थान रॉयल्स के मैनेजमेंट की सराहना की.
आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर राउंड में वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की तरफ से खेलते हुए महज 29 गेंदों में ताबड़तोड़ 97 रन बनाए. इस दौरान 16 गेंदों में अर्धशतक लगाकर प्लेऑफ के इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया. वैभव ने इस सीजन 65 छक्के जड़े हैं. इसके साथ ही उन्होंने क्रिस गेल के 59 छक्कों (वर्ष 2012 ) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.
शोएब खान ने वैभव के साथ-साथ ईशान किशन की भी तारीफ की. वहीं, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन को सम्मानित करने पर शोएब ने कहा कि अगर बिहार सरकार मुझे सपोर्ट करती है तो मेरी जर्नी बहुत ही अच्छी हो जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आईपीएल में बिहार का नाम जाना चाहिए, क्योंकि यहां काफी अच्छे-अच्छे टैलेंट हैं.
