UP में गुरुवार देर रात आंधी-तूफान में हमीरपुर में एक निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया. हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कुछ श्रमिकों के फंसे होने की आशंका है. मौके पर स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेश में लगी हैं.
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मृत्यु हुई है. दो शव निकाले जा चुके हैं. बाकी लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमीरपुर हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों के 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की है.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान लोकेंद्र निषाद (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है.
गुरुवार रात करीब 2-3 बजे तेज बारिश और आंधी के दौरान निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक गिर गया. उस समय कई मजदूर स्लैब के नीचे और आसपास सो रहे थे, जो इसकी चपेट में आ गए.
सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अभी तक 6 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य तेज करने का प्रशासन को निर्देश दिया है. SDRF के साथ राहत एवं रेस्क्यू अभियान तेज करने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है. मुख्यमंत्री ने घायलों का उचित इलाज करवाने का अधिकारियों को निर्देश दिया है.
