देहरादून: पुलिस को हत्या की झूठी सूचना देना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। कालूवाला क्षेत्र में हत्या कर शव सौंग नदी में फेंकने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की, लेकिन जांच में मामला फर्जी पाया गया। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति का चालान काटकर उसे चेतावनी दी।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात लगभग 10 बजे अर्जुन चौहान निवासी निगासन, लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश ने अपने जीजा के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए 112 पर कॉल की। उसने जौलीग्रांट चौकी इंचार्ज के नंबर पर भी फोन कर कालूवाला में हत्या होने की जानकारी दी।
कॉल में दावा किया गया कि हत्या के बाद शव को सौंग नदी में फेंक दिया गया है। सूचना मिलते ही चौकी और थाना पुलिस मौके की ओर रवाना हो गई। पुलिस ने काफी देर तक इलाके में तलाश की, लेकिन सूचना के अनुरूप कोई घटना सामने नहीं आई।
आखिरकार पुलिस सूचना देने वाले व्यक्ति तक पहुंची और पता चला कि हत्या की जानकारी झूठी थी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ चालान की कार्रवाई की और भविष्य में ऐसी झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह न करने की चेतावनी दी।
